‘जवान’ फिल्म की कामयाबी के लिए माता वैष्णो के दरबार पहुंचे शाहरुख खान, गुपचुप तरीके से किया देवी के दर्शन
बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान अपने फैंस को प्रभावित करने का एक भी मौका नहीं गंवाते। वो जो कुछ भी करते हैं, उससे वो सोशल मीडिया पर बेहद जल्द सुर्खियों में छा जाते हैं। मौजूदा समय में भी अभिनेता सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं और इसकी वजह भी बेहद दिलचस्प है। दरअसल एक्टर को हाल में ही फिल्म ‘जवान’ के ट्रेलर लॉन्च से पहले माता वैष्णो के दर पर माथा टेकते देखा गया। जहां वो 9 महीने के अंदर दूसरी बार पहुंचे हैं। एक्टर का माता रानी के दर्शन के लिए जाते हुए का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
देर रात एक्टर ने किया माता रानी के दर्शन
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक एक्टर बीते मंगलवार को देर रात जम्मू कश्मीर पहुंचे थे और अभिनेता ने रात में ही माता रानी का दर्शन किया। वहीं करीब 11:40 बजे एक्टर को मंदिर के पास वाले ताराकोर्ट मार्ग पर देखा गया। एक्टर ने पूजा करने के तुरंत बाद ही मुंबई के लिए वापस लौट आना जरूरी समझा। इंटरनेट पर वायरल हो रहे वीडियो में देखा जा सकता है कि एक्टर बेहद गुपचुप तरीके से दर्शन करने पहुंचे थे। अभिनेता ने इस दौरान ब्लू कलर की हुडी से खुद की पहचान छुपा रखी थी और चेहरे पर काला मास्क भी लगाया हुआ था। ऐसे में शाहरुख खान को पहचान पाना किसी के बस की बात नहीं थी, लेकिन फैंस की नजरों में वो आ ही गए।
#WATCH | J&K | Actor Shah Rukh Khan paid obeisance at Mata Vaishno Devi Shrine last night. pic.twitter.com/I1XgOIhWTX
— ANI (@ANI) August 30, 2023
किंग खान दूसरी बार पहुंचे है मां के धाम
आपको मालूम होगा कि शाहरुख खान 9 महीनों के भीतर दूसरी बार माता रानी के दर्शन करने पहुंचे हैं। इससे पहले अभिनेता को ‘पठान’ फिल्म की रिलीज के पहले वैष्णो मंदिर में दर्शन करते हुए देखा गया था। ‘पठान’ बॉक्स ऑफिस पर जहां सुपरहिट हुई, लेकिन फिल्म का विरोध भी काफी बढ़ चढ़कर किया गया था। शायद इसी के चलते फिल्म को दर्शकों का बेशुमार प्यार मिला और फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर सारे रिकॉर्ड तोड़ कर रख डाले। वहीं शाहरुख बुधवार को चेन्नई गए, क्योंकि वहां फिल्म ‘जवान’ का ऑडियो लॉन्च रखा गया था।