सिंगर मीका सिंह हो गए बीमार, चार देशों में स्टेज शो को किया स्थगित, डॉक्टरों ने दी ये सलाह
सिंगर मीका सिंह के प्रशंसकों के लिए बुरी खबर है। दरअसल, मीका सिंह ने बीमारी के चलते मलेशिया, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, और न्यूजीलैंड दौरे को स्थगित कर दिया है। इस प्रसिद्ध गायक ने अमेरिका में 21 सुपरहिट शो के माध्यम से अपने दर्शकों का खूब इंटरटेन किया था, लेकिन इन दिनों वह स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।
मीका सिंह नॉन-स्टॉप ट्रेवल और परफॉर्मेंस कर रहे थे। इस कारण डॉक्टरों ने उन्हें तीन हफ्तों के लिए आराम की सलाह दी है, ताकि उनके स्वास्थ्य में सुधार हो सके। इसको देखते हुए उनकी मलेशिया, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड टूर को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। मीका सिंह के जबर्दस्त परफॉर्मेंस ने उन्हें वैश्विक स्तर पर एक अलग ही फैन फॉलोइंग बनाया है।
हालांकि, लंबी यात्राओं के कारण, उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर हुआ है, इसके परिणामस्वरूप उन्हें विशेषज्ञों की सलाह पर अमल करने को कहा गया है। इस कारण अब मीका सिंह ने आगामी टूर को स्थगित करने का कठिन निर्णय लिया है। इस निर्णय से उनके फैंस में नाराजगी है, वहीं उनके स्वास्थ्य के लिए ये काफी चिंतित हैं।
प्राइवेट जेट से सफर करते हैं मीका
10 जून 1977 पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर जिले में जन्मे मीका अपने गाने ही नहीं बल्कि शान-ओ-शौकत से भरी जिंदगी जीने के लिए भी जाने जाते हैं। मीका आलीशान घर से लेकर महंगी गाड़ियों का शौक रखते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार मीका सिंह की कुल संपत्ति लगभग 95.98 करोड़ रुपये है। मीका सिंह अपनी आय का अधिकांश हिस्सा गायन और दुनिया भर में स्टेज शो करके कमाते हैं। वह अपने ही प्राइवेट जहाज से सफर करते हैं।