‘OMG 2’ का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज, शिव दूत बने अक्षय कुमार, बेटे को न्याय दिलाने निकले पंकज त्रिपाठी
अक्षय कुमार और परेश रावल अभिनीत फिल्म ‘OMG’ सुपर-डुपर हिट रही थी। तभी से फैंस इस फिल्म के सीक्वल का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। तमाम झंझटों के बाद आखिरकार अक्षय कुमार की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘ओह माय गॉड 2’ का ट्रेलर आज रिलीज हो गया। अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी की जोड़ी ने ‘OMG 2’ के ट्रेलर से धमाल मचा दिया है।
फिल्म में अक्षय कुमार के शिव अवतार ने लोगों का दिल जीत लिया है। फिल्म में भक्त बने पंकज त्रिपाठी ने शरण मुद्गल का किरदार निभाया है। शरण मुद्गल की भगवान के प्रति आस्था देखकर लोग ‘हर-हर महादेव’ के नारे लगा रहे हैं। इस फिल्म में यामी गौतम ने वकील की भूमिका निभाई है। ट्रेलर देखकर पता चलता है कि इस बार फिल्म ने देश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
‘OMG 2’ का ट्रेलर बेहद दमदार
ट्रेलर की शुरुआत में भगवान शिव की तस्वीर आती है और आवाज सुनाई देती है कि नंदी मेरा भक्त संकट में आने वाला है। एक शिवगण ले लो जो उसकी रक्षा कर सके। इसके बाद ट्रेलर में एक कोर्ट रूम सीन आता है, जहां कांति शरण मुद्गल का नाम पुकारा जाता है। इसके बाद जज पूछते हैं कि आरोपी और शिकायतकर्ता कौन है। इसके बाद पंकज त्रिपाठी हाथ उठा देते हैं। ट्रेलर में पंकज उर्फ कांति शरण मुद्गल भगवान की आस्था में डूबे और अपनी ही दुनिया में व्यस्त नजर आ रहे हैं। उनका परिवार और भगवान शिव की पूजा उनके जीवन में सर्वोपरि है। हालांकि, इस बीच उसके बेटे के साथ कुछ ऐसा होता है कि उसे देश की शिक्षा प्रणाली को लेकर अदालत में जाना पड़ता है।
इस मुश्किल घड़ी में शिवगण बने अक्षय कुमार उनकी हर मुश्किल में मदद करते नजर आ रहे हैं। कुल मिलाकर फिल्म का ट्रेलर जबरदस्त है। लंबे बालों वाले शिव गण के रूप में अक्षय कुमार माथे पर भस्म और चेहरे पर मुस्कान के साथ भी बहुत शक्तिशाली दिखते हैं। वकील के किरदार में यामी गौतम भी खूब जंच रही हैं। फिल्म के वन लाइनर भी काफी दमदार हैं। सनातन धर्म से जुड़े ऐसे कई उपदेशात्मक संवाद हैं, जिनसे सिनेमाघरों में तालियां बजने की उम्मीद रहती है।
फिल्म 11 अगस्त को रिलीज होगी
अक्षय कुमार की यह फिल्म 11 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। यह फिल्म सनी देओल की ‘गदर 2’ से क्लैश होगी। दिलचस्प बात यह है कि दोनों ही फिल्में सीक्वल हैं और पहले भाग ने बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ कमाई की थी। इस फिल्म में अक्षय कुमार, पंकज त्रिपाठी के अलावा यामी गौतम, अरुण गोविल गोविंद नामदेव जैसे सितारे नजर आएंगे।